- यूपी के आरोपी को भोपाल जीआरपी ने 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दबोचा - ऑनलाइन गेम की लत में हार गया था रकम - चार मामलो का खुलासा, 7 लाख का माल बरामद भोपाल(ईएमएस)। राजधानी की भोपाल जीआरपी ने बड़ी सफलता पाते हुए ट्रेन में चोरी करने वाले एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो फॉरेन रिटर्न है, बी-टेक पास युवक ऑनलाइन गेम की लत में काफी रकम हार गया और आर्थिक तंगी में आकर उसने रनिंग ट्रेनो में चोरी की वारदातो को अंजाम देना शुरु कर दिया। - राजधानी एक्सप्रेस में चोरी की वारदात के बाद आया शिकंजे में थाना प्रभारी निरी. जहीर खान से मिली जानकारी के अनुसार बीती 20 जनवरी 26 को वजीरपुर आगरा की रहने वाली फरियादिया अफशा बेगम (52) राधजानी एक्स. में कोच ए-1 में आगरा से मुंबई का सफर कर रही थी। यात्रा के दौरान उनकी नींद लग गई। भोपाल स्टेशन आने पर जब उनकी नीद खुली तो देखा तो की उनके सिराहने रखा लेडीस पर्स अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया है। गायब हुए पर्स में सोने की चैन, झुमके, अंगूठी, 35 हजार की नगदी सहित अन्य जरुरी कागजात सहित साढ़े तीन लाख का माल रखा था। घटना की रिपोर्ट अफशा ने मुंबई पहुंचकर लिखाई थी। सूचना मिलने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला कायम कर भोपाल जीआरपी ने उसकी तलाश शुरु की। आरोपी की धरपकड़ के लिये विशेष टीम गठित की गई, टीम ने अज्ञात आरोपी के संभावित आने-जाने के रास्तो का रोड मैप तैयार किया और उन रास्तो पर लगे लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। लगातार किये गये प्रयासो से टीम को फुटेज में आरोपी का अहम सुराग हाथ लगा। फुटेज में नजर आये संदेही को हुलिए के आधार पर टीम ने आखिरकार शुक्रवार को घेराबंदी कर धर दबोचा। - 7 लाख का सोना बरामद, नगदी ऑनलाइन गेम में उड़ाई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रांजल दीक्षित पिता प्रभात दीक्षित (36) निवासी बी-28 देव स्थान लखनऊ (यूपी) के रुप में बताई। आरोपी ने सख्ती से हुई पूछताछ में राजधानी एक्सप्रेस में महिला का पर्स चोरी करने के साथ ही यह भी बताया की उसने कई अलग-अलग ट्रेनों में भी चोरी की चार वारदातो को अंजाम दिया है। उसकी निशानदेही पर टीम ने थाना जीआरपी भोपाल के चार मामलो में चोरी किये गये करीब 7 लाख के सोने के जेवरात जप्त किये है। आरोपी ने पुलिस को आगे बताया की उसे ऑनलाइन गेमिंग की लत है, और उसने चोरी की गई नगदी को ऑनलाइन गेमिंग में उड़ा दिया है। - ट्रैन के एसी कोच में करता था चोरी पुलिस ने बताया की जॉच में सामने आया की आरोपी प्रांजल ने पुणे यूनिवर्सिटी से बी-टेक की पढ़ाई की है, और काम के लिये विदेश भी जा चुका है। अपनी गलत आदतो के कारण वह आर्थिक तंगी में फंसने के बाद रनिंग ट्रेनो से कीमती माल चोरी करने लगा था। शातिर आरोपी ट्रेन के एसी कोच में सो रही महिलाओ को अपना निशाना बनाकर उनके पर्स पर हाथ साफ कर देता था। पुलिस उसका अपराधिक रिकार्ड खंगालने के साथ ही रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ कर रही है। - खुलासे में यह टीम रहीं शामिल मामले के खुलासे में थाना जीआरपी भोपाल की टीम में शामिल निरी. जहीर खान, उप निरी. मिथलेश भारद्वाज, प्रआर. राजेश शर्मा, प्रआर. अनिल सिंह, आर. ब्रजेश कारपेंटर, आर. सचिन जाट की सराहनीय भूमिका रही है। जुनेद / 1 फरवरी