01-Feb-2026
...


-ग्वालियर-उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश; फसलें खराब, 14 जिलों में अलर्ट भोपाल (ईएमएस) । मप्र में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई जिलों में बारिश, आंधी, घना कोहरा और ओलावृष्टि देखने को मिली। मंदसौर जिले के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र मल्हारगढ़ के ग्राम झारड़ा से ओलावृष्टि के दृश्य सामने आए। रविवार शाम करीब आधे घंटे तक तेज बारिश और ओले गिरे, जिससे सडक़ किनारे बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। कई जगह लोग घर के आंगन में फावड़े से ओले समेटते नजर आए। नीमच जिले के पालसोडा और भंवरासा क्षेत्र में भी ओलावृष्टि हुई, जहां नजारा मिनी कश्मीर जैसा दिखा। ओलों और बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश के दतिया और खजुराहो में घना कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। ग्वालियर, उज्जैन, धार और मुरैना में रात से सुबह तक बारिश होती रही, जबकि भोपाल में सुबह 9 बजे तक कोहरे का असर रहा। मौसम में बदलाव के बावजूद बड़े शहरों में रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। केवल खजुराहो, राजगढ़ और नौगांव में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। बारिश और ओलावृष्टि से कई इलाकों में गेहूं की फसल आड़ी हो गई, जिससे नुकसान की आशंका है। 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार दतिया, खजुराहो, ग्वालियर, नौगांव, सतना, रीवा, उज्जैन, श्योपुर, राजगढ़, रतलाम, गुना, दमोह, मंडला, टीकमगढ़ और मलाजखंड में कोहरे का असर ज्यादा रहा। वहीं नीमच, मंदसौर सहित 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा और बादल बने रहने की संभावना है। इधर, कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच प्रदेशभर में माघ पूर्णिमा श्रद्धा के साथ मनाई गई। नर्मदा तटों पर लोगों ने स्नान कर दान-पुण्य किया।