पटना, (ईएमएस)। रविवार को माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ। पटना, मोकामा और बक्सर में अलग-अलग घटनाओं में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 2 लोग अब भी गंगा नदी में लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। पहली घटना बक्सर जिले की है जहां नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। माघी पूर्णिमा स्नान के लिए एक ही परिवार के चार लोग कार से बक्सर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की तेज रफ्तार डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। दूसरी घटना पटना जिले के घोसवरी थाना क्षेत्र के सहरी गांव के पास एनएच-33 पर शनिवार रात हुई। गब्बे लोदीपुर थाना क्षेत्र के मेहुस शेखपुरा गांव से जुगाड़ गाड़ी पर सवार पांच लोग गंगा स्नान के लिए मोकामा जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रयाग मांझी की पत्नी मुन्नी मांझी (33), चांद मांझी के पुत्र महेश मांझी (30) और रामस्वरूप मांझी के पुत्र संजय मांझी (33) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बच्चू मांझी के पुत्र घनश्याम मांझी और लच्चो मांझी के पुत्र अशोक मांझी शामिल हैं, जिनका इलाज पटना के एनएमसीएच में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं तीसरी घटना में पटना शहर में दीघा के पाटीपुल घाट पर माघी पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान के दौरान गया जिले के दो युवक गंगा नदी में डूब गए। दोनों चाकन थाना क्षेत्र के ततारपुर गांव के रहने वाले थे और अपने परिवार के साथ स्नान के लिए आए थे। डूबने वालों की पहचान गार्ड बाबू (45) और धनंजय कुमार (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक पानी की तेज धारा में दोनों बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। संतोष झा- ०१ फरवरी/२०२६/ईएमएस