राज्य
01-Feb-2026


गांधीनगर (ईएमएस)| भारत के स्वतंत्रता सेनानी अब्बास शम्सुद्दीन तैयबजी की 172वीं जयंती के अवसर पर गुजरात विधानसभा के सचिव चेतन पंड्या द्वारा विधानसभा पोडियम पर उनके तैलचित्र पर भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस पुष्पांजलि कार्यक्रम में सहभागिता करने पर एस.वी. इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विधानसभा सचिव चेतन पंड्या के करकमलों द्वारा प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा की संयुक्त सचिव रीटा मेहता, उप सचिव सर्वे हर्षिल पटेल, चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी तथा गांधीनगर स्थित एस.वी. इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थी-शिक्षकों ने भी तैयबजी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अब्बास शम्सुद्दीन तैयबजी : एक प्रेरणादायी जीवन परिचय धर्मपरायण, ईमानदार, न्यायप्रिय और ईश्वर भक्ति में लीन अब्बास शम्सुद्दीन तैयबजी का जन्म 1 फरवरी 1854 को वडोदरा में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1879 से 1913 तक कुल 34 वर्षों तक महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ के वडोदरा राज्य में न्याय विभाग में सेवाएं दीं और वे महाराजा के घनिष्ठ मित्र भी रहे। वर्ष 1919 में जलियांवाला बाग हत्याकांड की जांच समिति में महात्मा गांधी द्वारा उनका चयन किया गया था। वर्ष 1921 में ‘तिलक स्वराज फंड’ के लिए खेड़ा जिले में निर्धारित 90 हजार रुपये के लक्ष्य के मुकाबले उन्होंने 1.15 लाख रुपये की राशि एकत्र की। वर्ष 1928 में ‘ना-कर आंदोलन’ में सक्रिय भागीदारी निभाने के कारण धारासाणा सत्याग्रह में गिरफ्तार होकर उन्हें छह महीने की जेल भी हुई। 9 मई 1936 को वडोदरा में उनका निधन हुआ, लेकिन देश की आज़ादी के संघर्ष में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सतीश/01 फरवरी