राष्ट्रीय
02-Feb-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। देश के दो अलग-अलग हिस्सों में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जम्मू-कश्मीर के बारामूला और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आए इन झटकों से लोगों के बीच दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुबह करीब 5:35 बजे धरती कांपी। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.6 मापी गई है। भूकंप का केंद्र पत्तन इलाका बताया जा रहा है। जिस वक्त झटके महसूस किए गए, उस समय अधिकांश लोग भीषण ठंड के कारण अपने घरों में सो रहे थे। अचानक आए कंपन के चलते लोग घबराकर बाहर निकल आए। इससे पहले, सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के आंकड़ों के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। ज्ञात हो कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह भूकंपीय जोन-5 में आता है, जिसे दुनिया के सबसे अधिक सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक माना जाता है। आपदा प्रबंधन टीमें दोनों ही क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/02फरवरी2026 -----------------------------------