राष्ट्रीय
02-Feb-2026
...


गोरखपुर,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित चंपा देवी पार्क में आयोजित रामकथा उस समय विवादों और हंगामे के केंद्र में आ गई, जब प्रख्यात कथावाचक राजन जी महाराज व्यास पीठ से अचानक आवेश में आ गए। सोमवार को कथा के दौरान मचे हड़कंप के बीच महाराज ने सार्वजनिक मंच से ललकारते हुए कहा, मेरे टीम मेंबर को गोली मारने की धमकी दी गई है। मैं भी कहता हूं, किसने मां का दूध पिया है, गोली मार कर दिखाओ! कथावाचक के इस कड़े तेवर और भावुक संबोधन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कथा के दौरान कुछ लोग बार-बार मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जब आयोजन टीम के सदस्यों ने लोगों को मंच पर आने से रोका, तो बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विरोध कर रहे कुछ लोगों ने राजन जी महाराज की टीम के एक सदस्य पर अभद्र टिप्पणी की और कथित तौर पर गोली मारने की धमकी दे डाली। 16 वर्षों की अपनी कथा यात्रा में इस तरह के अनुभव से पहली बार गुजर रहे महाराज इस घटना से काफी आहत नजर आए। धमकी मिलने के बाद शुरुआती तौर पर राजन जी महाराज ने कथा करने से इनकार कर दिया था, जिससे पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि, आयोजकों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद वे पुन: व्यास पीठ पर बैठने के लिए तैयार हुए। मंच संभालते ही उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई और कहा, हमारे घर में, हमारे बच्चों को कहा गया कि गोली मार देंगे। हम यहां प्रेम से कथा सुनाने आए हैं और आप सुनने, तो व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। यह ललकार नहीं, बल्कि दुख है कि धर्म के मंच पर भी ऐसी भाषा का प्रयोग हो रहा है। महाराज ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्था में खलल डालने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने श्रोताओं से प्रेम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की ताकि भक्तिमय माहौल दूषित न हो। इस घटना के बाद कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से स्तब्ध रह गए, हालांकि बाद में कथा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। वीरेंद्र/ईएमएस/02फरवरी2026