02-Feb-2026
...


11 जनवरी को सुबह लोगों ने एक ही स्थान पर 150 से ज्यादा मृत कौओं को देखा था भागलपुर,(ईएमएस)। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल परिसर में बड़ी संख्या में मृत मिले कौओं में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया। जांच रिपोर्ट के सामने आते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और प्रभावित क्षेत्र में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 11 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही स्थान पर पेड़ के नीचे 150 से ज्यादा मृत कौओं को देखा था। कई कौए तड़पती अवस्था में भी पाए गए थे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत पक्षियों को वहां हटाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने मृत कौओं के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए पटना और मध्यप्रदेश के भोपाल की उच्च स्तरीय लैब में भेजे थे। भोपाल लैब से आई रिपोर्ट में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिला पशुपालन पदाधिकारी अंजली कुमारी ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रिपोर्ट मिलते ही पूरे प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सेनेटाइजेशन अभियान शुरू किया गया है। इसके साथ ही इलाके के सभी पोल्ट्री फार्म से सैंपल लेकर जीरो सर्विलेंस के तहत जांच की जा रही है। बता दें 11 जनवरी को जब कौओं की मौत हुई थी, उस समय अत्यधिक ठंड थी, इसलिए पहले आशंका जताई जा रही थी कि ठंड के कारण मौत हुई होगी, लेकिन जांच के बाद केंद्र सरकार की ओर से पुष्टि हुई है कि कौओं की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई है। फिलहाल प्रभावित इलाकों में सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। आम लोगों से भी सतर्क रहने और मृत पक्षियों को न छूने की अपील की है। सिराज/ईएमएस 02फरवरी26 ----------------------------------