02-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अन्नपूर्णा देवी को उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला और बाल कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल और स्वस्थ जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अन्नपूर्णा देवी के प्रयास महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय हैं। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई नेताओं ने भी अन्नपूर्णा देवी को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी ने उनके लंबे, स्वस्थ और सफल जीवन की कामना की, वहीं नितिन गडकरी ने उन्हें केंद्रीय कैबिनेट की एक कर्मठ सहयोगी बताते हुए अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की शुभेच्छा व्यक्त की। कौन हैं अन्नपूर्णा देवी दरअसल अन्नपूर्णा देवी वर्तमान में केंद्र सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की कैबिनेट मंत्री हैं। उनका राजनीतिक सफर करीब तीन दशक पुराना है और उन्होंने जमीनी राजनीति से लेकर केंद्र सरकार तक का लंबा अनुभव हासिल किया है। वे 1998, 2000 और 2005 में बिहार विधानसभा के लिए चुनी गईं। वर्ष 2000 में उन्होंने अविभाजित बिहार सरकार में खान और भूविज्ञान मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। झारखंड राज्य के गठन के बाद अन्नपूर्णा देवी वहां की राजनीति में सक्रिय रहीं और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बनीं। 2012 से 2014 के बीच उन्होंने सिंचाई, महिला एवं बाल कल्याण और पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व निभाया। इसके अलावा 2005 से 2009 तक वे झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष भी रहीं, जहां उन्होंने महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। संसद और केंद्र सरकार में भूमिका अन्नपूर्णा देवी 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए चुनी गईं और जुलाई 2021 से उन्होंने शिक्षा मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा के अधिकार अधिनियम में संशोधन के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की अध्यक्षता भी की। 2024 के आम चुनावों में उन्होंने झारखंड के कोडरमा संसदीय क्षेत्र से दोबारा लोकसभा चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की। वे 2019 से 2021 के बीच महिला सशक्तीकरण समिति और बिजली तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की सलाहकार समितियों की सदस्य भी रही हैं। शैक्षणिक पृष्ठभूमि अन्नपूर्णा देवी रांची विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर हैं। राजनीति, प्रशासन और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां उनसे महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को नई गति देने की उम्मीद की जा रही है। हिदायत/ईएमएस 02फरवरी26