क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली एनसीआर में बीते 24 घंटे की बारिश और ठंडी हवाओं के बाद मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अब 7 फरवरी तक दिल्ली में कोई बारिश नहीं होगी। बीते दिन हुई बारिश के बाद और बर्फीली हवाओं ने दिल्ली एनसीआर के मौसम को अचानक ठंडा कर दिया है। 2 फरवरी सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, जबकि दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप खिलने की उम्मीद लगाई जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार फिलहाल 7 फरवरी तक दिल्ली एनसीआर में मौसम साफ बना रहेगा यानी बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विभाग ने यह भी साफ किया है कि इस दौरान किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है, यानी राजधानी और आसपास के इलाकों से बारिश की विदाई हो चुकी है। भले ही 7 फरवरी तक बारिश न होने की बात की जा रही हो लेकिन बीते 24 घंटे में लगातार चली ठंडी हवाओं के कारण लोगों को फिलहाल तो कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। सप्ताह की शुरुआत घने बादलों और सुबह के कोहरे के साथ हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है इसके बावजूद दिन में धूप निकलने की संभावना बनी हुई है। खास बात यह है कि अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे रात की सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पूरे दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसका मतलब यह है कि बीते दिनों जो तेज ठंड और कंपकंपी वाली रातें थीं, अब उनमें कमी देखने को मिलेगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/02/फरवरी/2026