क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन रविवार को दो पाली में किया गया। जिले के विभिन्न केंद्रों में प्रथम पाली में 18,116 अभ्यर्थियों में से 16,361 उपस्थित रहे और 1,755 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 30,309 अभ्यर्थियों में से 27,689 उपस्थित और 2,620 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में बाल विकास, बच्चों के सीखने के सिद्धांत, विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए शिक्षण दृष्टिकोण, कोहल्बर्ग के नैतिक विकास के स्तर, पियाजे के विकासात्मक सिद्धांत और कक्षा में विभिन्न परिस्थितियों में निर्णय लेने से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रश्नपत्र द्विभाषी (हिंदी और अंग्रेजी) था। परीक्षा से पूर्व अभ्यर्थियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। परीक्षा के एक दिन पूर्व केंद्र का अवलोकन करना आवश्यक था। अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना था ताकि क्रिस्किंग और फोटो युक्त पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। हल्के रंग के कपड़े पहनना अनिवार्य था और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पेन, बैग, टोपी आदि लेकर प्रवेश वर्जित रहा। जांच के बाद भी केंद्रों में प्रवेश दिए गए। किसी भी केंद्र में नहीं मिली गड़बड़ी की सूचना अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित व्यवहार की सूचना नहीं मिली। सभी अभ्यर्थियों ने नियमों का पालन करते हुए अपने निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में उपस्थिति दर्ज कराई। इस परीक्षा का उद्देश्य योग्य और प्रशिक्षित शिक्षकों की पहचान करना है, जो प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर की कक्षाओं में पढ़ाने के लिए पात्र होंगे। रविवार को आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों ने अपने ज्ञान और तैयारी के अनुसार प्रश्नों को सावधानीपूर्वक हल किया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 02 फरवरी 2026