क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


_*गुना (ईएमएस)।* शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन, खासकर बच्चे और बुजुर्ग दहशत में हैं। पिछले दो-तीन दिनों के भीतर हनुमान कॉलोनी और राधा कॉलोनी क्षेत्र में दो कुत्तों के हमलों में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कॉलोनी में आहारचर्या के लिए पहुंचे जैन मुनि को भी कुत्तों के के कारण वापस लौटना पड़ा। हालांकि जैन समाज अध्यक्ष संजय जैन कामिनी ने ऐसी घटना से इनकार किया है। स्थानीय निवासी प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि वे मंदिर से लौट रहे थे, तभी पीछे से एक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और पैर को मुंह में भर लिया। हमले में उनका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाना पड़ा। प्रकाश अग्रवाल का कहना है कि बीते दो दिनों में आधा दर्जन से अधिक लोगों को इन्हीं कुत्तों ने काटा है। कॉलोनी में दो कुत्ते लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं। इस समस्या को लेकर तीन-चार बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से यह जवाब मिला कि उनके पास फिलहाल टीम उपलब्ध नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड पार्षद शेखर वशिष्ठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में एक-दो कुत्ते लगातार लोगों पर हमला कर रहे थे। वे हॉकी टूर्नामेंट में व्यस्त थे, लेकिन सूचना मिलते ही तत्काल क्षेत्र में पहुंचे और वार्ड प्रभारी बंटी खरे को अवगत कराया। इसके बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर कुत्ते को पकड़ लिया। वार्डवासियों ने बताया कि कुत्तों के भय से जैन समाज के संतों को भी आहारचर्या अधूरी छोडक़र लौटना पड़ा, जो अत्यंत दुखद है। शेखर वशिष्ठ ने नगरीय प्रशासन से मांग की है कि शहरभर में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।_*- सीताराम नाटानी*_