बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत चकरभाठा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर नशेडिय़ों को बेचने के उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने हिंर्री माइंस, तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित हिंदूजा (32 वर्ष), निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 07, करन दीप सिंह (29 वर्ष), निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 12 एवं आर. रजिंदर कुमार (35 वर्ष), निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। दूसरे राज्यों से लाकर जिले में खपाते थे नशा पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्य से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को उपलब्ध कराता था। इसके बाद वह अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर तीनों आरोपी हेरोइन को ऊंचे दामों पर नशेडिय़ों को बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सात प्रकरणों में कार्रवाई इसी क्रम में बिलासपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते तीन दिनों के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल सात प्रकरणों में कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन एवं लगभग 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 02 फरवरी 2026