02-Feb-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाएं 10 फरवरी से 07 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएंगी। परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में एक अधिकारी की तैनाती की गई है। जारी निर्देशों के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा अवधि में केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, अन्य संलग्न कर्मचारी एवं परीक्षार्थी किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र पर लेकर नहीं आएंगे। यदि कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी अनजाने में मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचता है, तो उसे प्रश्न-पत्रों के बॉक्स खोलने से पूर्व अलमारी में सील कर सुरक्षित रखा जाएगा तथा आगामी परीक्षाओं में मोबाइल फोन नहीं लाने की सख्त समझाइश दी जाएगी। परीक्षा केंद्र पर केवल कलेक्टर प्रतिनिधि को मोबाइल फोन उपयोग करने की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्र से किसी भी प्रकार की रिपोर्टिंग मोबाइल फोन के माध्यम से नहीं की जाएगी। निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।