02-Feb-2026
...


- 675 लोगों ने उठाया योग शिविर का लाभ 0 स्वस्थ जीवनशैली की ओर ग्रामीणों का बढ़ता रुझान, सरवन देवरी में योग शिविर सफल बिलासपुर (ईएमएस)। ग्राम सरवन देवरी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के द्वारा 27 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित 5 दिवसीय योग शिविर का सफल समापन किया गया। शिविर का आयोजन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने सहभागिता कर योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति का लाभ लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्या गोवर्धन एवं ग्राम सरपंच शकुंतला साहू द्वारा भगवान धन्वंतरी के छायाचित्र पर पूजन कर किया गया। आयुष चिकित्सा पद्धति स्वस्थ समाज की आधारशिला - डॉ. रश्मि स्वागत उद्बोधन में डॉ. रश्मि जितपुरे, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, लखराम ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति स्वस्थ समाज के निर्माण में अत्यंत उपयोगी है। योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाकर व्यक्ति रोगमुक्त, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन जी सकता है। योग सत्रों में आसन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास योग सत्रों का संचालन योग प्रशिक्षक रामेश्वर बरगाह द्वारा किया गया। उन्होंने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की विधियों को सरल एवं व्यवहारिक रूप में समझाया। योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता एवं सडक़ सुरक्षा अभियान से जुड़ी विद्या गोवर्धन ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सडक़ सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।कार्यक्रम में ग्राम सरपंच शकुंतला साहू, उपसरपंच एवं विद्यालय के प्राचार्य एस.एल. सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। योग शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। 675 लाभार्थियों ने उठाया शिविर का लाभ शिविर को सफल बनाने में फार्मासिस्ट खिलेश्वर प्रसाद, औषधालय सेविका हेलन इंदुआ, पी.टी.एस. अनिल केवट, शाला स्टाफ एवं ग्रामीणजन अश्वनी कश्यप, कांती, कौशल्या, करन इंदुआ का विशेष सहयोग रहा। शिविर में कुल 675 लाभार्थियों ने सहभागिता की। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 02 फरवरी 2026