02-Feb-2026
...


बुलढाणा, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के मलकापुर शहर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक संभ्रांत परिवार के तीन सदस्य रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। गायब होने वालों में एक ही परिवार की 32 साल की मां, उसकी 11 साल की बेटी और 8 साल का बेटा शामिल हैं। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच कर रही है कि ये तीनों कहां गायब हो गए। जानकारी के अनुसार पटेल परिवार मलकापुर शहर के हनुमान नगर इलाके की एक पॉश सोसाइटी में रहता है। मलकापुर शहर पुलिस स्टेशन में वसंत कुमार पटेल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी पत्नी मित्तल पटेल, बेटी सिया पटेल और बेटा देवांश पटेल बाजार गए थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो पटेल घबरा गए। वह तुरंत पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस स्टेशन में रहस्यमय तरीके से गायब होने की शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच, पुलिस को एक ही दिन में बुलढाणा जिले के अलग-अलग हिस्सों से पटेल परिवार के सदस्यों सहित कुल सात लोगों के गायब होने की शिकायतें अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में मिली हैं। अचानक गायब होने की इन घटनाओं से शहर में सनसनी फैली है। ‎स्वेता/संतोष झा- ०२ फरवरी/२०२६/ईएमएस