रायगढ़(ईएमएस)। पुलिस ने रायगढ़ जिले के केलो विहार इलाके में चल रहे देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर हुई कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सूचना के आधार पर सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मकान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री और मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपियों ने किराए के मकान में अवैध कारोबार संचालित किया था। थाना चक्रधरनगर में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम (PITA Act) की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि रायगढ़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नागरिकों से भी अपील की कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 फरवरी 2026