क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


कवर्धा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में किसानों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर सड़क पर मोर्चा खोल दिया। भारतीय किसान संघ के आह्वान पर किसानों ने कवर्धा-पंडरिया मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने बताया कि स्थानीय शुगर मिल में पिछले पांच वर्षों से गन्ने की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों और निजी मिलों में गन्ने का भाव ₹500 प्रति क्विंटल तक पहुँच चुका है, जबकि यहां के किसान पुराना रेट ही पा रहे हैं। इसके अलावा, मिल द्वारा पुराने बकाया भुगतान का निपटारा अब तक नहीं किया गया है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। किसानों ने धान खरीदी को लेकर भी सरकार को घेरा। संघ का कहना है कि जिले में अभी भी कई ऐसे किसान हैं जिनका धान केंद्रों तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने मांग की है कि पात्र किसानों को धान बेचने से वंचित न किया जाए और इसके लिए धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए। साथ ही, शुगर मिल में लंबित भुगतान का तत्काल समाधान किया जाए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संघ ने चेतावनी दी है कि फिलहाल यह प्रदर्शन सांकेतिक है, लेकिन यदि प्रशासन ने गन्ने की कीमत और धान खरीदी की समय-सीमा पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में जिले भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी किसानों को समझाने की कोशिश में लगे रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 फरवरी 2026