मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में मुरैना जिले की 478 ग्राम पंचायतों में कृषि रथों का संचालन किया जा रहा है। उप संचालक कृषि के नेतृत्व में जिले के सातों विकासखंडों में विकासखंडवार 7 कृषि रथ संचालित किए जा रहे हैं, जो पंचायतों में पहुंचकर किसानों को शासन की कृषि संबंधी योजनाओं एवं नवीन तकनीकों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव द्वारा समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ श्री कमलेश कुमार भार्गव ने जानकारी दी कि कृषि रथों का संचालन 11 जनवरी से 10 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। कृषि रथों को होर्डिंग एवं लाउड स्पीकर से सुसज्जित किया गया है। ग्राम स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से विभागीय अमले द्वारा कृषकों को कृषि साहित्य का वितरण किया जा रहा है तथा फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों के साथ-साथ शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कृषि रथों के माध्यम से गांव-गांव जैविक एवं प्राकृतिक खेती की उपयोगिता एवं महत्व, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन आधारित उर्वरक वितरण व्यवस्था, फसल अवशेष न जलाने के लिए जागरूकता, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाई जा सके, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, प्रधानमंत्री कृषक सिंचाई योजना, मिलेट एवं मोटे अनाज का महत्व, विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार, कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उपाय तथा फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन जैसे विषयों पर किसानों को जानकारी दी जा रही है। इस अभियान के माध्यम से किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।