राष्ट्रीय
02-Feb-2026


भोपाल,(ईएमएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने संसद में केंद्रीय बजट पेश कर दिया है। बजट में ग्रामीण महिला सशक्तिकरण के लिए बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान है। बजट में सेल्फ हेल्प इंटरप्रेन्योर शी मार्ट की व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था से ग्रामीण महिलाओं को अपने प्रोडक्ट को बेचने के लिए बड़ा बाजार मिलेगा। इसके अलावा हर जिले में महिलाओं के लिए हॉस्टल खोले जाएंगे। उधर सीआईआई के मध्य प्रदेश चैप्टर के उद्योगपतियों ने भी इसकी तारीफ की है। हालांकि उन्हें निराशा है कि, 25 फीसदी टैरिफ से जूझ रहे उद्योगों को राहत के लिए कोई प्रावधान बजट में नहीं हुआ है। वहीं केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पशुपालन, कृषि से जुड़ी गतिविधियों और अन्य कार्यों में लगी बहनें अब केवल आजीविका तक सीमित न रहकर उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी। इस बजट में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के तहत घरेलू उद्योगों को बढ़ावा दिया गया है, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया गया है और आयात पर निर्भरता कम करने के प्रयास किए हैं। साथ ही रोजगार सृजन, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, लोगों की क्रय शक्ति मजबूत करने और शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं को सुलभ बनने के लिए काम किया गया है। उधर, कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के मध्य प्रदेश के चैप्टर के पदाधिकारियों के मुताबिक बजट से जिस तरह की छूट की उम्मीद की गई थी, वह उसमें नहीं मिली है। शेयर बाजार में सट्टेबाजी को रोकने के लिए प्रावधान किया है। इंडस्ट्री के लिए बजट में कई प्रमोशनल स्कीम का प्रावधान किया गया है। खासतौर से इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग को प्रमोट किया गया है। एसोसिएशन ऑफ ऑल इंडस्ट्रीज मंडीदीप के उपाध्यक्ष और सीआईआई के सदस्य आदित्य राज मोदी कहते हैं कि, अमेरिका द्वारा लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ के बाद उम्मीद थी कि केन्द्रीय बजट में शॉट टर्म के लिए राहत मिलेगी, लेकिन इस दिशा में कोई भी प्रावधान नहीं किया गया। हालांकि महिला सशक्तिकरण को लेकर कई अच्छे प्रावधान बजट में किए गए हैं। आशीष दुबे / 02 फरवरी 2026