-अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपस्टीन से अपने संबंधों को लेकर दी सफाई वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेफ्री एपस्टीन से अपने संबंधों को लेकर सफाई दी है। व्हाइट हाउस में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनका जेफ्री एपस्टीन से कोई लेना-देना नहीं रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी फाइलों से यह सामने आया है कि एपस्टीन उनके खिलाफ साजिश कर रहा था, जिसका उद्देश्य उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाना और चुनाव हरवाना था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि एपस्टीन से जुड़े आरोपों को जानबूझकर बार-बार उठाया जा रहा है। उन्होंने ग्रैमी अवॉर्ड्स के प्रसारण और उसके होस्ट ट्रेवर नोआ का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह झूठा दावा किया गया कि उन्होंने एपस्टीन के निजी द्वीप पर समय बिताया था। ट्रंप ने इसे खारिज करते हुए कहा कि मैं कभी एपस्टीन के आइलैंड पर नहीं गया। मेरा उससे कोई संबंध नहीं है। ट्रंप ने दावा किया कि जेफ्री एपस्टीन और लेखक माइकल वोल्फ ने मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची थी। उनके मुताबिक इस साजिश का मकसद डोनाल्ड ट्रंप को राजनीतिक रूप से बदनाम करना और चुनाव में नुकसान पहुंचाना था। ट्रंप ने इस पूरे मामले को लेकर डेमोक्रेटिक पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स लगातार एपस्टीन का मुद्दा उछाल रहे हैं, लेकिन अब यह मामला उन्हीं पर भारी पड़ रहा है। ट्रंप ने कहा कि जारी फाइलों में कई प्रभावशाली नाम सामने आ रहे हैं, जिनमें से कई का संबंध डेमोक्रेटिक पार्टी से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दस्तावेज़ यह दर्शाते हैं कि एपस्टीन के साथ साजिश में शामिल लोग वही थे, जो आज इस मुद्दे को उनके खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ पर भी इसी तरह का बयान दिया था। उन्होंने लिखा कि वे कभी भी एपस्टीन के करीबी नहीं रहे और हालिया दस्तावेज इस बात की पुष्टि करते हैं कि उनके खिलाफ साजिश की गई थी। बता दें अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने हाल ही में 30 लाख से ज्यादा दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं, जिनमें जेफ्री एपस्टीन के सामाजिक और पेशेवर संपर्कों का विस्तृत ब्योरा है। इनमें राजनीति, वित्त और उद्योग जगत से जुड़े कई चर्चित और प्रभावशाली नाम सामने आए हैं, जिसके बाद अमेरिकी राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। सिराज/ईएमएस 03फरवरी26