वाशिंगटन,(ईएमएस)। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी ने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी संसदीय जांच में पेश होने के लिए सहमति जाहिर कर दी है। इसके पहले दंपती ने पेश होने से इंकार कर दिया था। इस वजह से उन्हें आपराधिक अवमानना (क्रिमिनल कंटेम्प्ट) में डालने के लिए वोट किया जाना था। यह विवाद कई महीनों से चल रहा था, जिसमें क्लिंटन दंपती ने कमेटी के कानूनी आदेश को खारिज किया था। कमेटी ने पिछले महीने बिपार्टिसन (विरोधी गुटों का एक साथ मिलकर काम करना) वोट से क्लिंटन को अवमानना में डालने का प्रस्ताव पास किया था, जिसे कुछ डेमोक्रेट्स का समर्थन मिला। क्लिंटन दंपति का कहना है कि उन्होंने कमेटी को पहले ही बयान दिए थे और एपस्टीन के बारे में अपनी जानकारी साझा की थी। पहले बिल क्लिंटन ने एपस्टीन के यौन अपराधों की जानकारी होने से इंकार कर कहा था कि उन्होंने दो दशक पहले उससे संपर्क तोड़ लिया था। एपस्टीन के निजी जेट के लॉग्स दिखाते हैं कि क्लिंटन ने 2002 और 2003 में चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ली थीं। जस्टिस डिपार्टमेंट के जारी रिकॉर्ड्स में कुछ फोटोज भी हैं, जिसमें क्लिंटन एपस्टीन के एस्टेट में पूल में तैरते हुए और हॉट टब में लेटे हुए दिख रहे हैं। बिल के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ एंजेल उरेना ने तब कहा था कि ये फोटोज दशकों पुरानी हैं और क्लिंटन ने एपस्टीन के अपराधों के सामने आने से पहले ही उससे संबंध तोड़ लिया था। क्लिंटन पर एपस्टीन के पीड़ितों ने कभी कोई आरोप नहीं लगाया है और वे किसी गलत काम से जुड़े नहीं पाए गए हैं। क्लिंटन दंपति ने पिछले महीने कमेटी के चेयरमैन जेम्स कोमर को पत्र लिखकर उनकी जांच की आलोचना की। आशीष दुबे / 03 फरवरी 2026