नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मंगलवार को भारतीय रुपया 30 पैसे की बढ़त के साथ ही 90.49 पर बंद हुआ। आज सुबह रुपये में तेजी रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक अहम फैसले के बाद रुपया अचानक मजबूत स्थिति में आ गया। अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। इस फैसले की खबर सामने आते ही शेयर बाजार और फॉरेक्स मार्केट में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। मंगलवार को इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.30 पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 91.49 पर बंद हुआ था। यानी शुरुआती कारोबार में ही रुपये ने 119 पैसे की बड़ी छलांग लगा दी। फॉरेक्स ट्रेडर्स के मुताबिक, यह पिछले चार वर्षों में एक दिन की सबसे बड़ी मजबूती है। इससे पहले कोरोना काल के दौरान इस तरह की तेजी देखी गई थी। बाजार के जानकारों ने कहा कि अमेरिका-भारत व्यापार समझौता बाजार के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर रही। राष्ट्रपति ट्रंप ने करीब 9 महीने की देरी के बाद टैरिफ घटाने की घोषणा की, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी समर्थन मिला। 18 फीसदी टैरिफ भारत के लिए पड़ोसी देशों की तुलना में बेहतर स्थिति बनाता है, जिससे निर्यातकों को फायदा होगा। ईएमएस 03 फरवरी 2026