राष्ट्रीय
03-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में एक बार फिर तकनीकी खामी सामने आई है। लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु तक उड़ान भरने वाले विमान (फ्लाइट नंबर एआई-132) में फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की शिकायत पायलट ने दर्ज कराई है। विमान में 200 से अधिक यात्री सवार थे। सोमवार सुबह बेंगलुरु में सुरक्षित लैंडिंग के बाद पायलट ने डिफेक्ट लॉग बुक में उल्लेख किया कि बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ पोजिशन से फिसलकर ‘कट-ऑफ’ की ओर जा रहा था और अपनी जगह पर लॉक नहीं हो पा रहा था। फ्यूल कंट्रोल स्विच का इस्तेमाल इंजन को स्टार्ट और बंद करने के लिए किया जाता है। उड़ान के दौरान इसमें गड़बड़ी होना गंभीर सुरक्षा जोखिम माना जाता है। पायलट की रिपोर्ट मिलते ही एअर इंडिया ने संबंधित विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया और जांच के लिए मूल उपकरण निर्माता बोइंग को शामिल किया। साथ ही इस मामले की जानकारी नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भी दे दी गई है। एअर इंडिया ने बयान में कहा कि डीजीसीए के निर्देश पर उसके पूरे बोइंग 787 बेड़े के फ्यूल कंट्रोल स्विच की पहले ही जांच की जा चुकी है, जिसमें किसी तरह की खामी नहीं पाई गई थी। हालांकि ताजा घटना के बाद जांच प्रक्रिया को और सख्त किया गया है। इस बीच फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने दावा किया है कि फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी की समस्या लंदन हीथ्रो पर ही सामने आ गई थी। संगठन ने जून 2025 में हुए एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 हादसे का हवाला देते हुए ड्रीमलाइनर विमानों की इलेक्ट्रिकल सिस्टम की गहन जांच की मांग दोहराई है। गैर-लाभकारी संस्था सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन ने भी चेतावनी दी है कि इंजन स्टार्ट के दौरान स्विच का लॉक न होना, कुछ परिस्थितियों में उड़ान के दौरान इंजन बंद होने का कारण बन सकता है। गौरतलब है कि जून 2025 में अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की बोइंग 787-8 फ्लाइट एआई-171 टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 260 लोगों की मौत हुई थी। प्रारंभिक रिपोर्ट में दोनों इंजनों में ईंधन आपूर्ति अचानक बंद होने की बात सामने आई थी। इस हादसे की जांच अभी जारी है। हिदायत/ईएमएस 03फरवरी26