गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात ने अन्य क्षेत्रों की तरह नागरिक उड्डयन क्षेत्र में भी विशेष उपलब्धि हासिल की है। 28 से 31 जनवरी, 2026 के दौरान हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर आयोजित ‘विंग्स इंडिया 2026’ सम्मेलन में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने गुजरात को ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ सिविल एविएशन इकोसिस्टम’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया है, यह जानकारी गुजरात के नागर विमानन आयुक्त के. एल. बचाणी ने दी। गुजरात के नागर विमानन आयुक्त बचाणी ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री के करकमलों से दिया गया यह पुरस्कार गुजरात की उड्डयन क्षेत्र की मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी सुविधाओं तथा एयरक्राफ्ट लीजिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देता है। गुजरात के साथ ही तेलंगाना और उत्तराखंड भी इस श्रेणी में संयुक्त रूप से विजेता रहे। इसके अलावा, नागर विमानन आयुक्त ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात के विमानन क्षेत्र को आर्थिक विकास का मुख्य इंजन बनाने और अंतिम व्यक्ति तक हवाई कनेक्टिविटी पहुंचाने की राज्य सरकार की दूरदर्शिता को समर्पित है। यह सम्मान विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाएं विकसित करने और हवाई यात्रा को आम लोगों के लिए और भी सुलभ बनाने की गुजरात की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गुजरात को ‘विंग्स इंडिया 2022’ में ‘बेस्ट स्टेट विद ए डेडिकेटेड आउटलुक फॉर द सेक्टर’ तथा ‘विंग्स इंडिया 2024’ में ‘बेस्ट स्टेट विद ए डेडिकेटेड लुकआउट फॉर एविएशन सेक्टर’ का अवॉर्ड भी मिल चुका है। सतीश/03 फरवरी