राष्ट्रीय
04-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों में एक बड़ी कूटनीतिक जीत दर्ज की गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टेलीफोन पर हुई सफल बातचीत के बाद भारत पर लगाए गए टैरिफ (व्यापार शुल्क) को घटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस समझौते के तहत, अमेरिका अब भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले 25 प्रतिशत के जवाबी शुल्क को कम कर 18 प्रतिशत कर देगा। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब भारत उन देशों की सूची में शामिल था जिन्हें अमेरिका को सबसे अधिक शुल्क देना पड़ रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर शुल्क का घटकर 18 प्रतिशत होना भारतीय निर्यातकों के लिए उत्साहजनक है। इस कटौती के बाद अब वैश्विक बाजार में भारतीय वस्तुओं की स्थिति दक्षिण एशिया के प्रतिस्पर्धी देशों जैसे पाकिस्तान और बांग्लादेश की तुलना में अधिक मजबूत हो जाएगी, जिन पर वर्तमान में क्रमशः 19 और 20 प्रतिशत का टैरिफ लागू है। उल्लेखनीय है कि रूस से कच्चा तेल खरीदने के दंड स्वरूप लगाए गए अतिरिक्त शुल्क के कारण दोनों देशों के बीच व्यापारिक प्रगति रुक गई थी, जिसे अब इस समझौते ने फिर से पटरी पर ला दिया है। यह वार्ता उस दिन हुई जब भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर वॉशिंगटन डीसी के दौरे पर हैं। नए टैरिफ चार्ट के अनुसार, जहां कनाडा पर 35 प्रतिशत और ब्राजील पर 50 प्रतिशत जैसा भारी शुल्क लागू है, वहीं भारत अब 18 प्रतिशत के साथ निकारागुआ के बराबर और वियतनाम (20 प्रतिशत) व श्रीलंका (20 प्रतिशत) जैसे देशों से बेहतर स्थिति में आ गया है। इस रणनीतिक कदम से न केवल द्विपक्षीय व्यापार बढ़ेगा, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की हिस्सेदारी और प्रतिस्पर्धात्मकता में भी सुधार होगा। अधिकारियों का मानना है कि यह समझौता दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की दिशा में एक निर्णायक मील का पत्थर साबित होगा। विभिन्न देशों पर लागू टैरिफ की सूची ब्राजील–50, नाउरू–15, सीरिया–41, न्यूजीलैंड–15, लाओस–40, नाइजीरिया–15, म्यांमार–40, उत्तरी मैसेडोनिया–15, कनाडा–35, नॉर्वे–15, इराक–35, पापुआ न्यूगिनी–15, सर्बिया–35, दक्षिण कोरिया–15, अल्जीरिया–30, त्रिनिदाद और टोबैगो–15, बोस्निया और हर्ज़ेगोविना–30, तुर्की–15, लीबिया–30, युगांडा–15, दक्षिण अफ्रीका–30, वानुअतु–15, मेक्सिको–25,वेनेज़ुएला–15, ब्रुनेई–25, जाम्बिया–15, कजाकस्तान–25, जिम्बाब्वे–15, मोल्दोवा–25, ऑस्ट्रिया–15, ट्यूनीशिया–25, बेल्जियम–15, बांग्लादेश–20, बुल्गारिया–15, श्रीलंका–20, क्रोएशिया–15, ताइवान–20, साइप्रस–15, वियतनाम–20, चेकिया– 15, कंबोडिया–19, डेनमार्क–15, इंडोनेशिया–19, एस्टोनिया–15, मलेशिया–19, फ़िनलैंड–15, पाकिस्तान–19, फ्रांस–15, फिलीपींस–19, जर्मनी–15, थाईलैंड–19, ग्रीस–15, निकारागुआ–18, हंगरी–15। वीरेंद्र/ईएमएस 04 फरवरी 2026