04-Feb-2026
...


- भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की अनिश्चितता से रुपया कमजोर हुआ मुंबई (ईएमएस)। भारतीय रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे टूटकर 90.54 पर पहुंच गया। एक दिन पहले भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति की खबर से आई तेज मजबूती बुधवार को बरकरार नहीं रह सकी। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, बाजार में सकारात्मक माहौल के बावजूद निवेशक अभी सतर्क रुख अपनाए हुए हैं, क्योंकि अब तक कोई आधिकारिक या हस्ताक्षरित व्यापार समझौता सामने नहीं आया है। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.35 प्रति डॉलर पर खुला, लेकिन जल्द ही दबाव में आकर 90.54 के स्तर तक फिसल गया। इसके मुकाबले मंगलवार को रुपया 117 पैसे या 1.28 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़त के साथ 90.32 पर बंद हुआ था और एशियाई मुद्राओं में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बना था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत गिरकर 97.41 पर रहा। बाजार की आगे की दिशा अब व्यापार समझौते से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर निर्भर करेगी। सतीश मोरे/04फरवरी ---