शरद पवार ने उठाए सवाल, सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने पर जताई खुशी मुंबई,(ईएमएस)। एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए संतोष की बात है कि सुनेत्रा ने डिप्टी सीएम के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है। एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर शरद पवार ने साफ किया कि अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच इस विषय पर बातचीत हुई थी, लेकिन सीएम देवेंद्र फडणवीस इन चर्चाओं में शामिल नहीं थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शरद पवार ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे में सीएम फडणवीस को इस पर टिप्पणी करने का अधिकार कैसे है। विलय की संभावनाओं पर बात करते हुए शरद पवार ने कहा कि फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान कठिन समय से गुजर रहे लोगों का ख्याल रखने और उनके साथ मिलकर आगे बढ़ने पर है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी तरह के राजनीतिक फैसले या रणनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई है। संसद में राहुल गांधी के बयान को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए शरद पवार ने कहा कि जनरल नरवणे देश के पूर्व सेना प्रमुख रहे हैं। अगर उन्होंने कुछ लिखा या कहा है और विपक्ष के नेता उसे सदन में उठा रहे हैं, तो यह उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि अगर इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होती, तो देश के सामने पूरी सच्चाई आ सकती थी। शरद पवार के मुताबिक सेना प्रमुख नरवणे द्वारा उठाई गई बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। सिराज/ईएमएस 04फरवरी26 -----------------------------------