ट्रेंडिंग
05-Feb-2026
...


लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में लगातार हो रहे हंगामे के बीच गुरुवार को एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दावा किया कि उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन में आने से रोका था। स्पीकर का कहना था, कि उन्हें आशंका थी कि कांग्रेस के कुछ सांसद प्रधानमंत्री पर शारीरिक हमला कर सकते हैं, जिससे लोकतंत्र की मर्यादा को गंभीर ठेस पहुंचती। स्पीकर बिरला ने कहा कि बुधवार को लोकसभा में हालात बेहद अप्रत्याशित और चिंताजनक हो गए थे। उन्होंने बताया कि यदि प्रधानमंत्री उस दिन सदन में आते और कोई अप्रिय घटना हो जाती, तो यह संसद और लोकतंत्र दोनों के लिए शर्मनाक स्थिति होती। इसी कारण उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे सदन में न आएं। अंततः प्रधानमंत्री मोदी के जवाबी भाषण के बिना ही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। स्पीकर बिरला ने यह भी कहा, कि विपक्ष के कुछ सांसदों का आचरण लोकसभा के इतिहास में काले धब्बे के रूप में दर्ज हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ सांसद किसी गलत हरकत की योजना बना रहे थे। इसी वजह से प्रधानमंत्री के भाषण को टालना पड़ा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2004 के बाद यह पहला मौका है जब राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब प्रधानमंत्री नहीं दे सके और बिना उनके भाषण के ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया। अपराजिता ने किया समर्थन भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने भी स्पीकर बिरला के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा को लेकर वास्तविक खतरा था और लोकसभा स्पीकर ने समय रहते सही निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री और देश की जनता को स्पीकर का आभार व्यक्त करना चाहिए। विपक्ष ने आरोपों को खारिज किया हालांकि विपक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने स्पीकर के दावे को गलत बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह निराधार है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर तीन महिला सांसद प्रधानमंत्री के पास जाकर खड़ी हो गईं तो क्या इससे उनकी सुरक्षा को खतरा हो गया? प्रियंका गांधी ने मीडिया से सवाल किया कि वे सरकार से यह क्यों नहीं पूछते कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने क्यों नहीं दिया गया और इसके पीछे क्या आधार था। लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित इस पूरे घटनाक्रम के बीच हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आखिर विपक्ष चाहता क्या है, प्रधानमंत्री का रास्ता रोकना, उन्हें घेर लेना? उन्होंने कहा कि संसद को जिस स्तर तक गिराया जा रहा है, उससे हर लोकतांत्रिक सोच रखने वाला व्यक्ति दुखी है। स्पीकर ओम बिरला ने अंत में सभी दलों से सदन की गरिमा बनाए रखने और कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की। हिदायत/ईएमएस 05फरवरी26