- गढा छुई खदान में पुन: वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर जिले में खुले आम अपराधियों द्वारा आए दिन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी जा रही है। इसका ताजा उदाहरण गढ़ा थाना क्षेत्र में सामने आया जहां हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए एक कुख्यात बदमाश ने 24 घंटे में दूसरी बार एक ही जगह गोली चलाकर आतंक मचाया, फिर साथियों सहित मौके से फरार भी हो गया। पिछली वारदात के बाद इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी अवैध हथियार लेकर अपने साथियों के साथ नजर आ रहा है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है वहीं लोगों का कहना है कि अपराधी को पुलिस 24 घंटे बीत जाने के बाद भी नहीं पकड़ पाई है। गढ़ा थाना क्षेत्र के बेदी नगर छुई खदान में रहने वाले लालू पटैल के साथ ही अन्य क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुख्यात बदमाश शिब्बू खान अपने अन्य साथियों के साथ मोहल्ले में आकर खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहा है जिससे मोहल्ले में महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। उसने जहां सोमवार, मंगलवार की दरमियानी रात वसूली को लेकर साथियों सहित पहुंचकर यहां कट्टे से दनादन फायर किए और धमकियां देते भाग निकला। इस मामले की रिपोर्ट गढा थाने में दर्ज कराई गई परंतु उसने फरारी में ही पुन: मंगलवार, बुधवार की रात छुई खदान में दो साथियों के साथ दोपहिया में पहुंचकर आतंक मचाया और पुन: फरार हो गया। इस घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस उदासीन कार्यवाही के कारण ही बदमाश के हौसले बुलंद हैं तो वही क्षेत्र के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि कुख्यात बदमाश शिब्बू खान हत्या के मामले में जमानत पर रिहा हुआ है और लगातार अवैध वसूली की मांग कर गोलियां चलाकर पुलिस को चुनौती दे रहा है।, यहां पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। अजय पाठक / मोनिका / 04 फरवरी 2026