- माधव महाविद्यालय में पाँच दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर का उद्घाटन ग्वालियर ( ईएमएस ) । माधव महाविद्यालय के व्यक्तित्व विकास,कौशल विकास एवं चेतना जागरूकता प्रकोष्ठ द्वारा स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिये स्वबोध से विश्वबोध की ओर विषय पर पाँच दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसका शुभारंभ बुधवार को किया गया। उदघाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शासी निकाय,माधव महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.विजय गम्भीर ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुये कहा कि:-सृष्टि के समस्त जीवों में मनुष्य ही एक ऐसा प्राणी है जिसके पास व्यक्तित्व और अस्तित्व जैसी अवधारणा है इसलिए हमें स्वयं की कमजोरी,उपलब्धि और चुनौतियों से सीखने की प्रवृत्ति को विकसित करने की दिशा में सतत प्रयत्नशील रहना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हमारी जीवनशैली में स्वबोध,नागरिक कर्तव्य,पर्यावरण के प्रति संवेदनशील व्यवहार,सामाजिक मूल्यों के लिये समरसता का भाव तथा कुटुंब का व्यक्ति की सुरक्षा के संदर्भ में महत्व को समझने की चैतन्य अवस्था जैसे गूढ़ विषय समाहित होने चाहिए ऐसी चेतनता के साथ ही हम एक सुघड़ नागरिक तथा एक शिष्ट सामाजिक बन सकेंगे। इसके साथ ही उन्होंने योग का,भोजन का,भाषा का एवं वेश भूषा का महत्व बताने के साथ ही समय प्रबंधन,तनाव प्रबंधन,सीखने की प्रवृत्ति,शरीर,मन,विचार की शुचिता को चेतना विकास के अनिवार्य तत्वों के रूप में विद्यार्थियों के समक्ष विस्तार से रखा। इसी क्रम में अध्यक्षता करते हुये प्राचार्य डॉ.शिवकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि-व्यक्तित्व विकास,कौशल विकास तथा चेतना जागरूकता जैसे शिविर में उपस्थित होने से हमारी कार्य क्षमता का विकास तो होता ही है हमारे चिंतन को एक दिशा मिलती है तथा अपने आसपास के परिवेश को देखने का हमारा दृष्टिकोण भी परिवर्तित होता है। हमारे अंदर का कौशल भी परिचय में आता है। पाँच दिवसीय शिविर की प्रस्तावना प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ.मंदाकिनी शर्मा ने प्रस्तुत करते हुये बताया कि -पाँच दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों द्वारा प्रतिदिन योगाभ्यास,तर्क शक्ति पर केंद्रित,बौद्धिक क्षमता विकास पर केंद्रित,चेतना जागरूकता पर केंद्रित रोचक खेलों को खेला जायेगा इसके अलावा सामाजिक समरसता,कुटुंब व्यवस्था का व्यक्ति सुरक्षा की दृष्टि से महत्व,पर्यावरण संवर्धन के लिये दैनिक उपाय जैसे समसामायिक विषयों पर समूह चर्चा की जायेगी साथ ही नगर के कुछ युवा उद्यमियों के द्वारा विद्यार्थियों को स्टार्टअप इंडिया के सम्बन्ध में मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा। शिविर के अंतिम दिन विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किये जायेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.प्रेक्षा नाईक ने किया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ.योजना तिवारी,डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. प्रेम सिंह,श्रीमती सविता केलकर,सुश्री नंदिनी वर्मा सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापक उपस्थित रहे।