राष्ट्रीय
04-Feb-2026
...


कांग्रेस ने कृषि और दुग्ध उत्पादन को संरक्षण देने के दावों पर उठाए सवाल नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने बुधवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विवरण पर स्पष्टता की मांग करते हुए कहा कि अभी तक कोई संयुक्त बयान जारी नहीं किया गया है। जयराम ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए लिखा- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा यह कहे जाने के 36 घंटे बीत चुके हैं कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील मोदी के अनुरोध पर की जा रही है और तुरंत प्रभाव से लागू हो रही है। जयराम ने कहा कि प्रचार सूत्र सक्रिय हैं, लेकिन हमारे पास अभी भी समझौते का कोई विवरण नहीं है, हालांकि यह साफ है कि भारत ने कृषि उत्पादों के आयात को उदार बनाने पर रियायतें दी हैं। यह बिल्कुल साफ है कि नरेंद्र मोदी ने ही इस घोषणा को आगे बढ़ाया। क्यों? इसके तीन कारण हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर शुल्क घटाकर 18 फीसदी करने से देश में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार ने इसे एक ऐतिहासिक और भविष्य-निर्धारक समझौता बताया है जिससे भारत की विकास गति में तेजी आएगी, वहीं विपक्षी दलों ने पारदर्शिता, किसानों और घरेलू उद्योगों पर इसके प्रभाव को लेकर तीखे सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने कृषि और दुग्ध उत्पादन को संरक्षण दिए जाने के दावों पर सवाल उठाए हैं। 25 से 18 फीसदी तक शुल्क घटाने के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के इस दावे पर चिंता जताई है कि भारत कुछ अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क घटाकर शून्य कर सकता है और अमेरिका से 500 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य की ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि उत्पाद, कोयला और कई अन्य उत्पाद खरीद सकता है। केंद्र सरकार द्वारा इन दावों की अभी पुष्टि नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के मुताबिक भारत और अमेरिका इस सप्ताह व्यापार समझौते पर एक संयुक्त बयान जारी कर सकते हैं। सूत्र ने कहा कि इस बीच वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा कृषि और दुग्ध उत्पादन क्षेत्रों का समर्थन किया है और उनके हितों की रक्षा की है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में भारत की अर्थव्यवस्था के संवेदनशील क्षेत्रों, विशेष रूप से कृषि और दुग्ध उत्पादन क्षेत्रों को संरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि लघु एवं मध्यम उद्यम, देश के इंजीनियरिंग क्षेत्र और वस्त्र, रत्न एवं आभूषण, चमड़े के सामान और समुद्री सामान जैसे क्षेत्रों को अनेक अवसर मिलेंगे। सिराज/ईएमएस 04फरवरी26