मणिपुर विधायक दल की बैठक में सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया इंफाल,(ईएमएस)। मणिपुर में भाजपा विधायक दल के नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को इंफाल में लोक भवन में राज्यपाल अजय भल्ला से मुलाकात की। वहीं भाजपा सांसद संबित पात्रा ने बताया कि सिंह ने राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। सांसद पात्रा ने लिखा था कि भाजपा मणिपुर विधायक दल के नेता सिंह ने लोकभवन में मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से मुलाकात कर भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश किया। एक दिन पहले, बीजेपी ने दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में मणिपुर विधायक दल की बैठक के दौरान खेमचंद सिंह को अपना विधायक दल का नेता चुना था। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी नवनिर्वाचित विधायक दल के नेता को बधाई देकर उनके सफल और प्रभावशाली कार्यकाल की कामना की। बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव चुघ ने लिखा, युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर के भाजपा विधायक दल के नेता चुनने पर हार्दिक बधाई। मैं उनके सफल और प्रभावशाली कार्यकाल के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में, आपका व्यापक अनुभव, अटूट प्रतिबद्धता और सशक्त नेतृत्व पार्टी को और मजबूत करेगा और मणिपुर की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक होगा। कुकी और मैतेई जातीय समूहों के बीच जातीय तनाव के बाद राज्य में कई महीनों तक चली हिंसा के बाद एन बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद 13 फरवरी, 2025 को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिसंबर में मणिपुर में जातीय हिंसा की जांच कर रहे जांच आयोग को एक और विस्तार देकर निर्देश दिया कि वह अपनी रिपोर्ट जितनी जल्दी हो सके, लेकिन 20 मई, 2026 से पहले प्रस्तुत करे। आशीष दुबे / 04 फरवरी 2026