पटना,(ईएमएस)। नीट परीक्षा से जुड़े मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव के बयानों ने बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल से नेताओं और विधायकों को लड़कियां सप्लाई किए जाने के पप्पू यादव के आरोप पर जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक पप्पू वर्मा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने पप्पू यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे समाजसेवी बनने का ढोंग करते हैं, जबकि हकीकत कुछ और ही है। जदयू विधायक पप्पू वर्मा ने कहा कि पप्पू यादव खुद को दानवीर के रूप में पेश करते हैं, लेकिन वे कई निजी अस्पतालों से हर महीने मोटी रकम की वसूली करते हैं। उनका दावा है कि पप्पू यादव अलग-अलग अस्पतालों से करीब 10 लाख रुपये प्रतिमाह की रंगदारी मांगते हैं, जिसमें से लगभग 5 लाख रुपये लोगों में बांटकर समाजसेवा का दिखावा किया जाता है। विधायक ने कहा कि अपने पूरे राजनीतिक जीवन में उन्होंने पप्पू यादव जैसा व्यक्ति नहीं देखा, जो इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो। पप्पू वर्मा ने आरोप लगाया कि हाल ही में पप्पू यादव चार दिन तक पटना में रहे और इस दौरान उन्होंने पूरे सिस्टम को भली-भांति समझ लिया। उन्होंने दावा किया कि पप्पू यादव का लगभग हर बड़े अस्पताल से लेन-देन जुड़ा हुआ है। विधायक ने यहां तक कहा कि उनके पास पारस अस्पताल से पप्पू यादव को हर महीने पैसे दिए जाने के ठोस सबूत मौजूद हैं। नीट मामले को लेकर पप्पू यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू विधायक ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई कर रही है और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव बिना किसी प्रमाण के सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने नीट छात्रा से जुड़े मामले में आरोप लगाया था कि पटना में शंभू गर्ल्स हॉस्टल का संचालक पहले से ही सेक्स रैकेट चला रहा था और कई बड़े नेताओं व अधिकारियों को लड़कियां सप्लाई करता था। उन्होंने सवाल उठाया था कि आरोपी की मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन डेटा की गहन जांच क्यों नहीं की जा रही है। पप्पू यादव का दावा था कि रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक महंगी गाड़ियां इन हॉस्टलों के बाहर आती-जाती रहती थीं। हिदायत/ईएमएस 04फरवरी26