राष्ट्रीय
04-Feb-2026


लखनऊ,(ईएमएस)। आगरा में फरवरी का मौसम जनवरी जैसा दिखा रहा है। बुधवार की सुबह शहर घने कोहरे की चपेट में रहा, इससे ताजमहल पूरी तरह कोहरे में छिप गया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम-सी गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के साथ हल्की फुहार ने ठंड का अहसास और बढ़ा दिया। सुबह करीब नौ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके पहले मंगलवार को भी हालात कुछ इसतरह के ही रहे। सुबह देर तक कोहरा छाया रहा और उसके बाद बादल मंडराते रहे। दिन में कुछ समय के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते उसका असर बेअसर साबित हुआ। गलन अधिक होने से लोग दिनभर ठिठुरते नजर आए। मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही सुबह कोहरा या धुंध बने रहने की संभावना जाहिर की थी। मंगलवार को दोपहर बाद कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण राहत नहीं मिली। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी मो. दानिश के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कम होगा, जिससे आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बदलाव की संभावना है। आशीष दुबे / 04 फरवरी 2026