भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर विधायक सचिन यादव का तीखा प्रहार खरगोन (ईएमएस)। भारत-अमेरिका के बीच हाल ही में हुई ट्रेड डील को लेकर पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस डील के माध्यम से किसानों के हितों को अमेरिका के सामने गिरवी रखने का काम किया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और किसान विरोधी है। श्री यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि देश-प्रदेश का किसान पहले से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी को लेकर संघर्ष कर रहा है। ऐसे कठिन समय में सरकार द्वारा अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खोलना, किसानों की कमर तोड़ने जैसा कदम है। इससे किसानों पर सीधा असर पड़ेगा और वे विदेशी कंपनियों के सामने टिक नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान लागत, मौसम और बाजार की अनिश्चितताओं से पहले ही जूझ रहा है। ऐसे में विदेशी कृषि उत्पादों को बढ़ावा देकर सरकार देश के अन्नदाता के साथ अन्याय कर रही है। यह नीति किसानों की आय बढ़ाने के सरकार के दावों के पूरी तरह विपरीत है। सचिन यादव ने केंद्र सरकार से मांग की कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील में किसानों के हितों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। एमएसपी, फसल की उचित कीमत और घरेलू कृषि बाजार की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस डील में किसानों के हितों की अनदेखी की, तो कांग्रेस पार्टी देश के किसानों के साथ मिलकर इस फैसले का सड़क से संसद तक पुरजोर विरोध करेगी। किसानों के हक की लड़ाई में कांग्रेस किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेगी।