राष्ट्रीय
04-Feb-2026


कोलकाता(ईएमएस)। कोलकाता एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान से अचानक धुआं निकलने की सूचना मिली, जिसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया गया। यह विमान काठमांडू से इस्तांबुल जा रहा था। उड़ान के दौरान धुआं निकलने की आशंका से जुड़े इनपुट मिलते ही पायलट ने एहतियातन विमान को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारने का निर्णय लिया। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। तुर्की एयरलाइंस के इस विमान में कुल 236 यात्री सवार थे। जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार की रात दो विमान के विंग आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई है। घटना उस समय हुई जब दोनों विमान में यात्रा सवार थे। हालांकि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 04 फरवरी, 2026