राज्य
04-Feb-2026
...


:: पेटलावद के प्रभावित गांवों में टीम ने लिया जायजा; सर्वे के आधार पर तय होगी किसानों की क्षतिपूर्ति :: झाबुआ (ईएमएस)। इंदौर संभाग के झाबुआ जिले के पेटलावद विकासखंड में बीते दिनों हुई असामयिक वर्षा और ओलावृष्टि ने रबी की फसलों को खासा प्रभावित किया है। फसलों के नुकसान की सूचना मिलते ही कलेक्टर नेहा मीना ने तत्काल संज्ञान लेते हुए व्यापक सर्वे के निर्देश जारी किए। इसी तारतम्य में बुधवार को राजस्व, कृषि, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों और फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के संयुक्त दल ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उप संचालक कृषि एन.एस. रावत के नेतृत्व में प्रशासनिक दल ने विकासखंड पेटलावद के ग्राम बोलासा, कानाकुआ, गरवाखेड़ी और बनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तेज हवा और ओलावृष्टि के कारण गेहूं की खड़ी फसल कई स्थानों पर पेचेस में प्रभावित हुई है। टीम ने कृषक देवीलाल, हेमराज, मनोहरलाल, नरेंद्रदास बैरागी और भंवरलाल पटेल सहित अनेक किसानों के खेतों में जाकर सीधे फसलों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके नुकसान का निष्पक्ष आकलन करने के लिए प्रतिबद्ध है। फसल अवलोकन के दौरान उप संचालक कृषि ने किसानों को जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार गठित सर्वे दल निरंतर मैदानी स्तर पर कार्य कर रहा है। प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वे पूर्ण होने के बाद क्षति का सटीक प्रतिशत निकाला जाएगा, जिसके आधार पर आगामी राहत राशि और बीमा क्लेम की पात्रता तय की जाएगी। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अनिल बघेल, सहायक संचालक उद्यानिकी बहादुर सिंह चौहान, सहायक संचालक कृषि एस.एस. रावत और फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि रूपाल शुक्ला सहित कृषि विस्तार अधिकारी व राजस्व विभाग का मैदानी अमला भी उपस्थित रहा। प्रकाश/04 फरवरी 2026