सागर/बंडा (ईएमएस)। बंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य भेंट की। इस दौरान विधायक लंबरदार ने बंडा विधानसभा अंतर्गत शाहगढ़ मंडी से जुड़े किसानों की भावांतर योजना के शेष भुगतान का गंभीर मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने मंत्री श्री चौहान को अवगत कराया कि शाहगढ़ मंडी क्षेत्र के हजारों किसान अब तक भावांतर योजना के भुगतान से वंचित हैं, जिससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार कुल 4234 किसानों में से केवल 611 किसानों को ही भावांतर योजना का भुगतान प्राप्त हुआ है, जबकि 3623 किसान अभी भी भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल कलेक्टर सागर संदीप जीआर से दूरभाष पर चर्चा कर शेष भुगतान शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भावांतर योजना के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए।विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने त्वरित कार्रवाई के लिए मंत्री श्री चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के किसानों के हक और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे और जब तक किसानों को उनका पूरा भुगतान नहीं मिल जाता, तब तक आवाज उठाते रहेंगे। निखिल सोधिया/ईएमएस/04/02/2026