राष्ट्रीय
04-Feb-2026


हर दिन औसतन 54 लोग लापता नई दिल्ली(ईएमएस)। दिल्ली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2026 के पहले 15 दिनों में दिल्ली में 800 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना मिली है, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाएं और लड़कियां हैं। आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 1 से 15 जनवरी के बीच कुल 807 लोग लापता हो गए, यानी औसतन प्रतिदिन 54 लोग लापता हुए। इनमें से 509 महिलाएं और लड़कियां थीं, वहीं 298 पुरुष थे। आंकड़ों के अनुसार, लापता घोषित किए गए कुल मामलों में से 191 मामले नाबालिगों के थे, जबकि 616 वयस्क लापता बताए गए थे। लगभग 572 लोग अभी भी लापता हैं जबकि पुलिस लापता लोगों में से 235 का पता लगाने में कामयाब रही है। आंकड़ों से पता चला कि 1 से 15 जनवरी तक औसतन प्रतिदिन 13 बच्चे लापता हुए, जिनमें से लापता नाबालिगों के कुल 191 मामलों में से 146 लड़कियां थीं। लापता नाबालिगों में 169 किशोर थे। इनमें से 138 किशोर लड़कियां और 31 किशोर लडक़े थे। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, पुलिस 29 लड़कियों और 19 लडक़ों का पता लगाने में कामयाब रही लेकिन लगभग 71 प्रतिशत किशोर अभी भी लापता हैं। 8 से 12 वर्ष की आयु वर्ग के 13 बच्चे लापता हुए जिनमें आठ लडक़े और पांच लड़कियां थीं, इनमें से केवल तीन लडक़ों का पता लगाया जा सका। आठ वर्ष से कम आयु वर्ग में कुल नौ बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी, जिनमें से तीन लडक़े मिल गए हैं और छह बच्चे अभी भी लापता हैं। हालांकि, लापता व्यक्तियों में वयस्कों की संख्या सबसे अधिक है। जनवरी के पहले 15 दिनों में 616 वयस्कों के लापता होने की सूचना मिली, जिनमें 363 महिलाएं और 253 पुरुष शामिल थे। आंकड़ों के अनुसार, पुलिस 90 पुरुषों और 91 महिलाओं का पता लगाने में सफल रही, लेकिन 435 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। साल 2025 में दिल्ली में कुल 24,508 लोग लापता आंकड़ों से पता चला है कि 2025 में दिल्ली में कुल 24,508 लोगों के लापता होने की सूचना मिली, जिनमें से 60 प्रतिशत से अधिक मामले (14,870) महिलाओं के थे, वहीं पुरुषों के 9638 मामले थे। पुलिस 15,421 लोगों का पता लगाने में सफल रही लेकिन 9,087 मामले अभी भी अनसुलझे हैं। दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले एक दशक में दिल्ली में 2,32,737 लोगों के लापता होने की सूचना मिली, जिनमें से लगभग 1.8 लाख लोगों का पता लगाया जा सका लेकिन लगभग 52,000 मामले अभी भी अनसुलझे हैं। इसके अलावा, औसतन हर साल 5000 से अधिक किशोर लापता हो रहे हैं, जिनमें से लगभग 3500 मामले लड़कियों के हैं। साल 2025 में, 5081 किशोर लापता हुए, उनमें से 3970 लड़कियां थीं, जिनमें से 1013 का अभी तक पता नहीं चल पाया है। साल 2025 में लापता महिलाओं के मामलों की संख्या सबसे अधिक 14,870 दर्ज की गई। विनोद उपाध्याय / 04 फरवरी, 2026