बीजिंग (ईएमएस)। चीन की सेना में बीते तीन सालों में ऐसा बदलाव हुआ है, जो देश के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पिछले तीन सालों में 30 से ज्यादा जनरल और एडमिरल को या तो बर्खास्त किया है या फिर वे अचानक गायब हो गए हैं। जिनपिंग ने 2023 में जो सेंट्रल मिलिट्री कमीशन बनाई थी, उसमें भी सिर्फ एक जनरल बचे हैं। हटाए जाने वालों में टॉप जनरल झांग यूक्सिया भी शामिल हैं। इनकी जिम्मेदारी सेना को युद्ध के लिए तैयार करने की थी। इनमें से कई पर भ्रष्टाचार का आरोप है। हालांकि, जानकारों के अनुसार यह मुहिम जिनपिंग की वफादारी तय करने की भी प्रक्रिया है। झांग यूक्सिया के साथ ही जनरल लियू झेनली को भी हटा दिया गया है। 2023 की शुरुआत में चीन के पास 30 जनरल और एडमिरल थे जो विशेष विभागों और थिएटर कमांड्स चला रहे थे। अब केवल सात जनरल ही सक्रिय भूमिका में बचे दिख रहे हैं। विनोद उपाध्याय / 04 फरवरी, 2026