खेल
04-Feb-2026
...


- इतिहास रचते हुए फाइनल में किया प्रवेश 6 फरवरी को इंग्लैंड से होगा मुकाबला हरारे (ईएमएस)। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में धमाकेदार प्रवेश किया। भारत पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय बना हुआ है और अब 6 फरवरी को इंग्लैंड से खिताबी मुकाबला खेलेगा। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 310 रन बनाए और भारत के सामने 311 का बड़ा लक्ष्य रखा। लेकिन टीम इंडिया ने रिकॉर्ड रनचेज कर इतिहास रच दिया। अंडर-19 विश्व कप इतिहास में पहली बार किसी टीम ने इतना बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है। टारगेट का पीछा करते हुए ओपनर वैभव सूर्यवंशी और एरॉन जॉर्ज ने भारत को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े। वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों पर 68 रन ठोके, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। एरॉन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 115 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने 15 चौके और 2 छक्के जमाए। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 59 गेंदों पर 62 रन बनाकर चेज़ को आसान बना दिया। उनके आउट होने के बाद जॉर्ज ने उप-कप्तान विहान मल्होत्रा के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी कर भारत को फाइनल में पहुंचा दिया। विहान 38 रन पर नाबाद रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम की शुरुआत अच्छी रही। ओस्मान सादात (39) और खालिद अहमदजई (31) ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। दूसरे विकेट के लिए ओस्मान और फैसल शिनोजादा ने 64 रन की साझेदारी की। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में अच्छी वापसी करते हुए अफगानिस्तान को 310 रन पर रोका।