राज्य
04-Feb-2026
...


एक्टिवा से टकराया दपंत्ति घायल, जीसीएफ में हादसा जबलपुर (ईएमएस)। आवारा कुत्तों का आतंक हर जगह है, क्या गली, क्या शहर, क्या गांव और क्या हाईवे. जहां शहर में कुत्ते बच्चों को नोच रहे हैं, वहीं बाहरी इलाकों में कुत्ते जंगली जानवरों की मौत की वजह बन रहे हैं. अब बुधवार को जबलपुर में जीसीएफ पोस्ट आफिस के पास एक बारहसिंगा पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. जिससे वहां अफरातफरी मच गई, जान बचाते हुये भागा बारहसिंग्हा एक तेज रफ्तार एक्टिवा से टकरा गया , जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक्टिवा सवार दम्पति अनियंत्रित होकर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की खबर मिलते ही जीसीएफ के सुरक्षा कर्मी व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को कटंगा सदर निवासी लोकेश ध्यानी अपनी पत्नी को एक्टिवा में बैठाकर रांझी से शहर की ओर रवाना हुए. जब वे जीसीएफ पोस्ट आफिस के सामने से गुजर रहे थे, इस दौरान श्वानों ने बारहसिंगा को खदेड़ दिया, जो सड़क पर आकर एक्टिवा से टकरा गया. जिससे बारहसिंगा की मौके पर मौत हो गई. वहीं आगे जाकर एक्टिवा सवार दम्पति भी अनियंत्रित होकर गिर गए, जिससे उनके हाथ, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई. हादसे को देख आसपास से गुजर रहे लोगों सहित फैक्टरी के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया. गौरतलब है कि इस रोड पर जंगली जानवरों का सड़क पर आ जाना आम बात है. फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से सड़क के दोनों ओर जालियां भी लगवाई गई हैं. लेकिन श्वानों के हमले से बदहवास होकर बारहसिंगा सड़क तक आ गया और हादसे का शिकार हो गया. सुनील साहू / मोनिका / 04 फरवरी 2026/ 06.18