राज्य
05-Feb-2026
...


* बाल फुटबॉल कार्यक्रम में बच्चों का बढ़ाया हौसला कोरबा (ईएमएस) भारतीय फुटबॉल खेल के महान खिलाड़ी और पूर्व अंतर्राष्ट्रीय स्ट्राइकर बाईचुंग भूटिया कोरबा पहुंचे। उनके आगमन से जिले में खेल का उत्साह चरम पर नजर आया। कोरबा शहर के इंदिरा स्टेडियम में आयोजित विशेष बाल फुटबॉल कार्यक्रम में विद्यालयीन छात्रों और युवा खिलाड़ियों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी का जोरदार स्वागत किया। एक विशेष बाल फुटबॉल कार्यक्रम के तहत आयोजित इस समारोह में भूटिया ने न केवल बच्चों का हौसला बढ़ाया, बल्कि उन्हें फुटबॉल के गुर भी सिखाए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने फुटबॉल से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों, अभ्यास सत्र और प्रदर्शन मैच प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रतिभा और अनुशासन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस मौके पर बाईचुंग भूटिया ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए अनुशासन, मेहनत, टीमवर्क और खेल भावना का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। मैदान पर बच्चों के साथ अभ्यास सत्र और छोटे मुकाबलों में भाग लेकर बाईचुंग भूटिया ने नन्हे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। यह आयोजन बच्चों के लिए प्रेरणादायक और यादगार अनुभव साबित हुआ। नन्हे खिलाड़ियों के लिए यादगार लम्हा कार्यक्रम के दौरान आयोजकों की देखरेख में बाईचुंग ने बच्चों के साथ फुटबॉल अभ्यास सत्र में हिस्सा लेना रहा। बच्चों के लिए यह किसी जादुई अनुभव से कम नहीं था कि वे उस खिलाड़ी के साथ खेल रहे थे जिसने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। इस आयोजन ने स्थानीय खिलाड़ियों में एक नया आत्मविश्वास भर दिया है। 05 फरवरी / मित्तल