इन्दौर (ईएमएस) विगत दिनों जमानत पर रिहा होने के बाद अब किन्नर सपना गुरु ने इच्छा मृत्यु की मांग करते राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखे हैं। किन्नर सपना गुरु ने अपने खिलाफ दो साल पुरानी शिकायत के आधार पर थाना पंढरीनाथ में एफआईआर दर्ज होने के बाद इच्छा मृत्यु के लिए लिखे पत्रों में कुछ पुलिस अधिकारियों के नाम भी लिख उन्हें अपने खिलाफ साजिश में शामिल बताया है। किन्नर सपना ने पत्र में यह भी कहा है कि पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ झूठा प्रकरण दर्ज कराया गया है 21 जनवरी को जेल से रिहा होने के बाद उसने 24 जनवरी को हीरानगर थाने और 27 जनवरी को स्वयं पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी कि बिना जांच उनके खिलाफ किसी भी तरह की एफआईआर दर्ज न की जाए, इसके बावजूद 29 जनवरी को मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद फिर किन्नर सपना ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को कहा कि उसकी लगातार रैकी करवाई जा रही है और उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। एमआर-10 क्षेत्र स्थित उसके घर के आसपास संदिग्ध लोग घूमते देखे गए हैं। किन्नर सपना ने यह भी आरोप लगाया है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद उनकी ओर से की गई शिकायतों पर कोई जांच नहीं की गई। आनंद पुरोहित/ 05 फरवरी 2026