* पुराना मकान तोड़ते समय हादसा * अन्य मजदूरों ने भागकर बचाई जान कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरीपारा बस्ती में कार्य के दौरान दीवार गिरने से उसमे दबकर एक मजदूर की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, एक पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण किया जाना था। इस कार्य में चार से पांच मजदूर लगे हुए थे। दीवार सकरी थी और उसे तोड़ने के दौरान अचानक गिर गई। अन्य मजदूरों ने भागकर जान बचाई। दीवार गिरने से एक मजदूर को भागने का मौका नहीं मिला और वह उसके नीचे दब गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई। मृतक बरपाली निवासी बताया जा रहा हैं। मृतक अपने परिवार का पालन-पोषण मजदूरी करके करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। मृतक के छोटे भाई ने बताया कि वह अपने मित्रो के साथ पथरीपारा काम करने गया था। दीवार गिरने के बाद अन्य मजदूर वहां से भाग गए परन्तु वह नहीं भाग पाया और दीवार की चपेट में आ गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है। 05 फरवरी / मित्तल