खेल
05-Feb-2026
...


रांची (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने कहा है कि भारतीय टीम अपनी ही धरती पर होने वाले टी20 विश्कवप में जीत की प्रबल दावेदार है। धोनी ने कहा कि टीम के पास वह सभी खूबियां हैं जो जीत के लिए चाहिये होती हैं। टीम के पास अच्छे बल्लेबाज और गेंदबाज हैं। उसका क्षेत्ररक्षण अच्छा है। वह दबाव में भी जीत दर्ज करना जानती है। धोनी के अनुसार केवल एक चीज से उसे सावधान रहना होगा और वह है ओस। धोनी के अनुसार ओस एकदम से हालात बदल देती है। उन्होंने कहा, ‘ मुझे ओस नापसंद है। ओस बहुत सारी चीजों को बदल देती है। इसलिए जब मैं भी खेलता था तो मुझे ये बहुत डराती थी। जब भी ओस होती थी तो टॉस की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती थी। अगर हम कुछ बेस्ट टीमों के खिलाफ 10 मैच खेलें और स्थितियां एक जैसी हों तो हम उनमें से ज्यादातर बार विजेता रहेंगे।’ टी20 क्रिकेट की अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए धोनी ने कहा, ‘समस्या तब आती है जब आपके कुछ खिलाड़ियों का कोई दिन खराब हो और विपक्षी टीम में से किसी का वो शानदार दिन हो। और ये टी20 क्रिकेट में हो सकता है। ये लीग स्टेज में हो सकता है, नॉकआउट स्तर में हो सकता है और यही पर किस्मत की जरूरत होती है। कोई घायल नहीं होना चाहिए। जो भी भूमिका दी जाए, लोग टीम के लिए अपनी उस भूमिका को बखूबी निभाएं।’ भारतीय टीम विश्वकप में अपने अभियान का आगाज शनिवार को मुंबई के वानखेड़े मैदान में अमेरिका के खिलाफ करेगी। टीम जबरदस्त फॉर्म में है और खिताब को बनाये रखने के लिए पूरे उत्साह के साथ उतरने जा रही है। वह टी20 में पिछले 9 द्विपक्षीय सीरीज से अजेय रही है। भारतीय टीम इस बार लगातार 9 द्विपक्षीय सीरीज जीतकर भी उत्साहित है और उसे जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के पास है जो कप्तान बनने के बाद से ही बेहद सफल रहे हैं। गिरजा/ईएमएस 05 फरवरी 2026