तेलअवीव,(ईएमएस)। इजरायली डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) ने एक साझा सैन्य कार्रवाई करते हुए हमास के कमांडर मोहम्मद अल-हबील और इस्लामिक जिहाद के प्रमुख सैन्य अधिकारी अली राजियाना को मार गिराया है। यह संयुक्त ऑपरेशन गाजा पट्टी में आतंकवादियों के खिलाफ इजरायल की आक्रामक रणनीति का हिस्सा है। अल-हबील पर इजरायली कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो की कैद के दौरान बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप था, जबकि राजियाना उत्तरी गाजा ब्रिगेड में इस्लामिक जिहाद की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। सैन्य सूत्रों के अनुसार, यह एयरस्ट्राइक रात के दौरान हुए युद्धविराम (सीजफायर) के खुले उल्लंघन के जवाब में की गई। नोआ मार्सियानो, जो इजरायली सेना में एक ऑब्जर्वर के रूप में तैनात थीं, उन्हें 7 अक्टूबर को नाहल ओज़ पोस्ट से अगवा किया गया था। कैद में उनकी हत्या की खबर ने इजरायल में जबरदस्त आक्रोश पैदा किया था। इजरायली सेना ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस एलिमिनेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से मार्सियानो परिवार को न्याय मिला है। अली राजियाना की मौत को इस्लामिक जिहाद के लिए एक बड़ा सैन्य झटका माना जा रहा है। वह न केवल आतंकियों की तैनाती और संगठन की रक्षा योजना बनाने का जिम्मेदार था, बल्कि पूरे युद्ध के दौरान उत्तरी गाजा में बंधकों को कैद में रखने की निगरानी भी वही कर रहा था। सेना ने स्पष्ट किया है कि यह हमला उन विशिष्ट लक्ष्यों को निशाना बनाकर किया गया था जो इजरायली नागरिकों और सैनिकों के खिलाफ गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इजरायल ने संकल्प दोहराया है कि वह अपने नागरिकों के खिलाफ हिंसा करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगा और सुरक्षा चुनौतियों का कड़ा जवाब देना जारी रखेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/05फरवरी2026