क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस) जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में व्यापक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से न केवल कैंसर संभावित मरीजों की पहचान की गई, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की पहल पर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उपस्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों और जिला अस्पताल में विशेष शिविर लगाए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपनी जांच करवाने पहुंचे। प्रभारी डीपीएम सुनील वर्मा ने जानकारी दी कि पूरे जिले में 1200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया। इस दौरान विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की भी स्वास्थ्य जांच की गई। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने समय पर जांच के महत्व पर जोर देते हुए कहा, कैंसर जैसी बीमारी का यदि प्रथम चरण में पता चल जाए, तो इसका सफल उपचार पूरी तरह संभव है। विशेषकर महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल और स्तन कैंसर की समय रहते पहचान उनकी जान बचा सकती है। जिला अस्पताल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने आमजन को कैंसर के खतरों से आगाह किया। कैंसर नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. कठेरिया ने बताया कि गलत जीवनशैली कैंसर का बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि शराब, सिगरेट और तंबाकू का सेवन कैंसर के खतरे को कई गुना बढ़ा देता है। शरीर में किसी भी असामान्य गांठ या परिवर्तन को नजरअंदाज न करें।-निखिल कुमार /राजगढ़/5/2/2026