कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारामा थाना पुलिस ने सट्टा खिलाने वाले खाईवाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और हजारों रुपये की सट्टा-पट्टी जब्त की है। इस कार्रवाई में कांकेर साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चारामा के वार्ड क्रमांक-04 शीतलापारा में पान ठेले के पास एक व्यक्ति अंकों पर पैसे का दांव लगाकर सट्टा लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परमेश्वर यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से सट्टा लिखी पर्चियां, डॉट पेन और 2330 रुपये नकद जब्त किए गए। पूछताछ में परमेश्वर यादव ने बताया कि वह यह सट्टा नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी (निवासी बंगलापारा, चारामा) के कहने पर लिख रहा था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी को भी गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए रायपुर में छिपा हुआ था, जिसे साइबर सेल की मदद से ढूंढ निकाला गया। उसके कब्जे से एंड्रॉयड मोबाइल, नकदी रकम और बड़ी मात्रा में सट्टा-पट्टी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)05 फरवरी 2026