नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भारत–अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह समझौता कूटनीति, विकास और राष्ट्रीय गरिमा का नया उदाहरण है और इसमें भारतीय किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया है। चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने का काम कर रहा है और “झूठ की मशीन” बन चुका है। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के तहत अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत रह गया है, जिससे भारतीय निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भले ही अमेरिका की ओर से अधिक कृषि उत्पाद निर्यात की बात कही जा रही हो, लेकिन भारत ने अपने किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा की है। प्रमुख अनाज, फल, मोटे अनाज (बाजरा) और डेयरी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित रखे गए हैं। एक बातचीत के दौरान कृषि मंत्री शिवराज ने कहा कि यह समझौता संघर्ष नहीं, बल्कि संतुलित और सशक्त संवाद का परिणाम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान हमारे लिए केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि जीवनदाता हैं। किसानों के हित राष्ट्रहित हैं और उनकी रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों की सेवा करना हमारे लिए ईश्वर की सेवा के समान है। संसद में गतिरोध पर बोले शिवराज संसद में चल रहे गतिरोध पर टिप्पणी करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संसद नियमों और प्रक्रियाओं से चलती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सदन में माइक बंद होते ही विपक्ष का पारा अपने आप डाउन हो जाता है। उनका कहना था कि विपक्ष मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय हंगामा और भ्रम फैलाने में लगा है। अफवाहों और झूठ का सहारा ले रहा विपक्ष कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि वे जनता के बीच सरकार का मुकाबला करने में असफल रहे हैं, इसलिए अफवाहों और झूठ का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिश्चितता और अव्यवस्था का माहौल बनाने के लिए जानबूझकर गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, विपक्ष हताश है, वे अंधाधुंध विरोध कर रहे हैं और झूठ का बाजार चला रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 05फरवरी26